हिंदी मेला में कविताओं पर संगीतबद्ध गीत एवं नृत्य की प्रस्तुति

हिंदी मेला में कविताओं पर संगीतबद्ध गीत एवं नृत्य की प्रस्तुति

कोलकाता, 29 दिसंबरः सांस्कृतिक पुनर्निर्माण मिशन की ओर से आयोजित 28वें हिंदी मेला के चौथे दिन कविता कोलाज,काव्य संगीत, लोकगीत,भाव नृत्य,मल्टीमीडिया काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मंगलेश डबराल,केदारनाथ सिंह, अनामिका,राजेश जोशी आदि की कविताओं पर कविता कोलाज की सुंदर प्रस्तुति की गयी।  अभिनेत्री कल्पना ठाकुर ने कहा कि कविताओं को जीना और उसे मंच पर एक कहानी की तरह प्रस्तुत करके विद्यार्थियों ने सभी का मन मोह लिया। नव बालीगंज के हिंदी विभाग की प्रो. मनीषा साव ने कहा कि हिंदी मेला जिस प्रकार से विद्यार्थियों और युवाओं को मंच दे रहा है ये बहुत ही सराहनीय प्रयास है। काव्य संगीत  प्रतियोगिता में सूरदास, फैज अहमद फैज,प्रसाद,कबीर आदि कविताओं पर संगीत की सुंदर प्रस्तुति हुई।

विश्वभारती विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग की प्रो. मंजू रानी सिंह ने कहा कि हिंदी मेला पुरानी पीढ़ी और नई पीढ़ी को जोड़ने वाला सेतु है। प्रसिद्ध गायक अजय राय ने कहा कि हिंदी मेला कविताओं पर संगीतबद्ध प्रस्तुति कर बाजारू गीतों के बरक्स एक प्रतिरोध खड़ा करता है। बतौर निर्णायक इंद्रानी चटर्जी उपस्थित रहीं। लोकगीत प्रतियोगिता में मैथिली,भोजपुरी,राजस्थानी आदि हिंदी की बोलियों पर मनोहर गीत प्रस्तुत किए गये। भाव नृत्य प्रतियोगिता में हिंदी-बांग्ला कविताओं और आदिवासी संस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किए गये। इस अवसर पर योगेश चंद्र कॉलेज के हिंदी विभाग की प्रो. एकता हेला ने कहा कि नृत्य और संगीत का जीवन के आनंद के साथ बहुत गहरा संबंध है। नृत्यांगना चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि हिंदी मेला का यह मंच बाजारू और फूहड़ नृत्यों के बदले बच्चों के जीवन में उच्चतर मूल्यों पर आधारित नृत्य प्रस्तुति का मौका देता है। इस मौके पर चेन्नई से आए ईश्वर करुण ने कहा कि कोलकाता की इस पावन भूमि पर हिंदी मेला का आयोजन बहुत ही प्रेरणादायक है।

कविता कोलाज में शिखर सम्मान खुदीराम बोस सेंट्रल कॉलेज, प्रथम विद्यासागर विश्वविद्यालय, द्वितीय जगतदल श्री हरि उच्च विद्यालय, प्रोत्साहन पुरस्कार  आरबीसी सांध्य कॉलेज के विद्यार्थियों को मिला। काव्य संगीत प्रतियोगिता में शिखर सम्मान पृशा मोइत्रा ‘इंडस वैली वर्ल्ड स्कूल’, प्रथम स्थान प्रीति साव,कलकत्ता विश्वविद्यालय, द्वितीय स्थान

श्रेया सरकार, विद्यासागर विश्वविद्यालय, सयुंक्त रूप से तृतीय स्थान खुशी मिश्रा, सोहन लाल देवरालिया एवं मुकुंद शर्मा, चतुर्थ स्थान रिया सिंह, कलकत्ता विश्वविद्यालय और सुनीति वर्मा, हरिमोहन घोष कॉलेज को मिला। मल्टीमीडिया काव्य पाठ प्रतियोगिता में शिखर सम्मान कृतिका सुरेलिया,कलकत्ता विश्वविद्यालय, प्रथम स्थान अर्पित कटियार, लखनऊ विश्वविद्यालय, दूसरा स्थान काजल सिंह, सयुंक्त रूप से तृतीय स्थान हर्षित और तनिषा साव को मिला है। लोकगीत प्रतियोगिता का शिखर सम्मान नवीन मिश्र,प्रथम स्थान  सनी मिश्रा,द्वितीय स्थान : अजय शर्मा,तृतीय स्थान-कालीचरण तिवारी,  प्रथम विशेष स्थान खुशी मिश्रा एवं दल, द्वितीय ऋतिका भगत, तृतीय विशेष प्रीति साव ,चतुर्थ विशेष काजी नजरूल विश्वविद्यालय को मिला।कार्यक्रम का सफल संचालन मधु सिंह,सूर्यदेव राय,राजेश सिंह, मंटू साव,रेशमी सेनशर्मा, पूजा गौड़,अदिति दूबे, विकास जायसवाल, अनिल साह ,राजेश मिश्र ने किया।धन्यवाद ज्ञापन अवधेश प्रसाद सिंह ने दिया।