आज हिंदी की वैश्विक स्थिति बहुत ही मज़बूत है – प्रो. दामोदर मिश्रा

आज हिंदी की वैश्विक स्थिति बहुत ही मज़बूत है – प्रो.  दामोदर मिश्रा

डीवीसी, डीएसटीपीएस में विश्व हिंदी दिवस का अनुपालन

‘हिंदी की प्रवृत्ति एवं  प्रकृति अत्यंत सहज है’ – सुनील प्रसाद

दुर्गापुर, अंडाल (प.बं.): 10. जनवरी, 2023 को दामोदर घाटी निगम, इुर्गापुर इस्पात ताप विद्युत केन्द्र, अंडाल में विश्व हिंदी दिवस, राजभाषा संगोष्ठी व पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन प्लांट स्थित दिव्यज्योति भवन के सम्मेलन कक्ष में किया गया। मुख्य अभियंता-।  व परियोजना प्रधान सुनील प्रसाद, मुख्य अभियंता मनोज कुमार ठाकुर व संजय कुमार तथा मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) दामोदर मिश्रा, कुलपति, हावड़ा हिंदी विश्वविद्यालय और उप मुख्य अभियंता एस.एन. सिंह ने सद्भावना मंगल दीप प्रज्ज्वलित किया। मुख्य अभियंता मनोज कुमार ठाकुर ने स्वागत भाषण दिया। समारोह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रधान सुनील प्रसाद ने विश्व हिंदी दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि हिंदी मधुर भषा है। इसकी प्रवृत्ति एवं प्रकृति अत्यंत सहज है। हिंदी के प्रचार-प्रसार के साथ विश्व के मानचित्र पर हिंदी को एक नया आयाम प्रदान करना ही विश्व हिंदी दिवस का मुख्य उद्देश्य है। राजभाषा संगोष्ठी सत्र के दौरान ‘हिंदी की वैश्विक व्यापकता’ विषयांतर्गत विस्तृत रूप से विचार-विमर्श किया गया। मुख्य अतिथि प्रवक्ता प्रो. (डॉ.) दामोदर मिश्रा ने हिंदी भाषा की उत्पत्ति से लेकर इसकी अंतर्राष्ट्रीय पहचान तक के व्यापक स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाषा मनुष्य का एक बहुत बड़ा आविष्कार है। आहरण की शक्ति के कारण ही भाषा समृद्ध होती है। व्यवहार से यह सदैव जिंदा रहती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंदी प्रदेशों में हिंदी का उद्भव हुआ और बंगाल में उसे यौवन प्राप्त हुआ। बंगला भाषा से हिंदी का गहरा संबंध है। हिंदी के विकास में अन्य भारतीय भाषाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। हिंदी की महिमा अनंत और अपरंपार है। आज हिंदी की वैश्विक स्थिति बहुत ही मज़बूत है। उन्होंने अपने उद्गार- ‘हिंदी है हमारी अच्छी’ के सस्वर प्रस्तुति के साथ सबको संकल्पित होने के लिए प्रोत्साहित किया। हिंदी अधिकारी इस्माईल मियाँ ने समारोह को संचालित किया। अंत में, मुख्य अभियंता संजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। 07.01.23 को आयोजित हिंदी (राजभाषा) प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेता अभिषेक राय, शर्मिष्ठा सिन्हा, युनुस सरकार, राजीव कुमार, आकाश दीप, त्रिपुरारी, संजुलता मोहंती, देबाशीष देबनाथ, गौतम कुमार व शंकर कुमार यादव को पुरस्कार सहित राजभाषा प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। मौके पर अक्तूबर, नवंबर व दिसंबर, 22 माह के प्लांट के बेस्ट ईम्प्लाई अ‍फ द मंथ के लिए अमित कुमार ठाकुर, इस्माईल मियाँ और सुशील सोरेन को  प्रशस्ति-पत्र सहित  एक-एक हजार नकद पुरस्कार से स्म्मानित किया गया । समारोह में उप मुख्य अभियंता अरिजित मजुमदार, अक्षय कुमार व राजेश कुमार लायेक, डीजीएम बी. जोआरदार, एसई अरुण कुमार सिंह, एसडीई अखिलेश कुमार, डीडी पात्रस हाँसदा सहित अधिकाधिक संख्या में अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए।