अगले माह दिल्ली में होगा भारत कृषि विकास शिखर सम्मेलन

अगले माह दिल्ली में होगा भारत कृषि विकास शिखर सम्मेलन

कृषि विकास को राज्य स्तर पर मान्यता देने पर जोर

-अनवर हुसैन

नई दिल्लीः इंडियन चैंबर आफ फूड एंड एग्रीकल्चर( ICFA)  ने 11 नवंबर, 2021 को नई दिल्ली में भारत के जिलों और राज्यों पर केंद्रित पहले कृषि विकास शिखर सम्मेलन अयोजित करने की की घोषणा की है। आइएसएफए के अध्यक्ष डॉ. एमजे खान ने कहा कि देश में यह अपने तरह का अलग और प्रथम राज्य व जिला स्तरीय कृषि विकास शिखर सम्मेलन होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कृषि सम्मेलनों में अब तक राष्ट्रीय मुद्दों और उससे संबंधित दृष्टिकोणों पर ध्यान केंद्रित किया जाता रहा है, जबकि कृषि राज्य का विषय है और योजनाओं का क्रियान्वन तथा नीतियों को मूर्त रूप जिला प्रशासन द्वारा दिया जाता है। आईसीएफए देश में पहली बार राज्यों के स्तर पर नीतिगत मुद्दों और जिलेवार जमीनी स्तर पर कृषि में सफलता पर व्यापक चर्चा के लिए यह आयोजन करने जा रहा है। कृषि उत्पादों के वितरण और कृषि के विकास में जिलों और राज्यों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को मान्यता देने के लिए  ICFA राज्य स्तरीय संबंधित पक्षों को स्टेट पॉलिसी एवार्ड एंड डिस्ट्रिक्ट एक्सेलेंस एवार्ड 2021 प्रदान करेगा ताकि उन्हें कृषि की सफलता में और योगदान करने के लिए प्रोत्साहन मिल सके।

डॉ. खान ने कहा कि आज भी कृषि भारतीय अर्थवस्था की मजबूत रीढ़ है। देश के 50 प्रतिशत लोगों की जीविका कृषि और कृषि कार्यों पर निर्भर है। कृषि के विकास में राज्यों की महत्वपूर्ण भूमिका ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में उनकी अहम भागीदारी भी है। आईसीएफए के इस कृषि विकास शिखर सम्मेलन में सभी राज्यों की भागीदारी सुनियोजित करने का प्रयास किया जाएगा। कृषि मुद्दे पर राज्यों को एक प्लेटफार्म पर लाकर विकास में उनके समान योगदान को बढ़ावा देना आईसीएफए का उद्देश्य है। 11 नवंबर 2021 को दिल्ली में होने वाले कृषि विकास शिखर सम्मेलन में राज्यों के अतिरिक्त कृषि विकास से जुड़े संबंधित पक्षों की भी समान भागीदारी होगी।