सिफरी में गोपालगंज (बिहार) के मछली किसानों के लिए सप्ताह व्यापी प्रशिक्षण संपन्न

सिफरी में गोपालगंज (बिहार) के मछली किसानों के लिए सप्ताह व्यापी प्रशिक्षण संपन्न

कोलकाता, 29 अप्रैलः भाकृअनुप-केन्द्रीय अन्तर्स्थलीय मात्स्यिकी अनुसंधान संस्थान (सिफरी) के मुख्यालय बैरकपुर में गोपालगंज, बिहार के मत्स्य किसानों के लिए ” अन्तर्स्थलीय मात्स्यिकी प्रबंधन” पर सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 19-25 अप्रैल, 2022 के दौरान किया गया। इस प्रशिक्षण में गोपालगंज से 21 किसानों ने भाग लिया। गोपालगंज जिला लगभग 997.8 हेक्टेयर का ताजा जल संसाधन क्षेत्र (चौर और मन क्षेत्र) से समृद्ध है जिसमे अन्तर्स्थलीय मत्स्य पालन विकास के माध्यम से मछुआरों की आजीविका सुधार की पर्याप्त संभावनाएं हैं। वर्ष 2016-17 से संस्थान ने अन्तर्स्थलीय मात्स्यिकी प्रबंधन पर गोपालगंज जिले के 111 किसानों को प्रशिक्षित किया है। इस प्रशिक्षण के उद्घाटन सत्र में संस्थान के निदेशक डॉ. बि के. दास ने प्रतिभागियों के साथ बातचीत की और उन्हें अन्तर्स्थलीय मात्स्यिकी प्रबंधन पर ज्ञान और कौशल विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया ।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को मछली चारा प्रबंधन, मत्स्य रोग संक्रमण प्रबंधन, मिट्टी और जल रसायन विज्ञान, प्रेरित प्रजनन, मिश्रित मछली पालन, सजावटी मत्स्य पालन, घेरे में मछली पालन, मत्स्य पालन का आर्थिक मूल्यांकन, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के साथ व्यावहारिक सत्र जैसे जल गुणवत्ता मूल्यांकन, मछली फ़ीड तैयार करना, प्राकृतिक तौर पर उपलब्ध मछली खाद्य जीव आदि पर प्रकाश डाल गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं ने 23 अप्रैल, 2022 को ‘अन्नदाता देवो भव’ अभियान के तहत संस्थान द्वारा आयोजित प्राकृतिक पद्धति से मत्स्य पालन कार्यक्रम में भाग लिया जिसमें उन्हें प्राकृतिक पद्धति से मछली पालन के लाभों और आवश्यकताओं के महत्व के बारे में बताया गया।